*धरने से पूर्व दलित महापंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष को पुलिस ने हिरासत में लिया*
धनोरा - मंडी धनौरा थाने में पुलिस हिरासत में बाल किशन की मौत के मामले में धरना देने जा रहे दलित महापंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ टीपी सिंह को हसनपुर कोतवाली पुलिस ने उनके कालाखेड़ा स्थित आवास से हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि आला अधिकारियों के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है।
डॉ टीपी सिंह ने शेरपुर गांव के अंबेडकर पार्क पर आज सुबह 10 बजे से पंचायत व धरने का ऐलान किया था। चेतावनी दी थी कि जब तक पुलिस प्रशासन उनकी पांच सूत्रीय मांगों को पूरा नहीं करेगा आंदोलन जारी रहेगा। डॉ टीपी सिंह व उनके संगठन ने तीन दिन पूर्व इस प्रकरण को लेकर पुलिस अधीक्षक से भी मुलाकात की थी। उधर हिरासत में लेने के बाद पुलिस ने डॉ टीपी सिंह को हसनपुर कोतवाली ले जाकर बैठा लिया। टीपी सिंह ने इसे पुलिस की दमनात्मक कार्रवाई करार दिया। कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को शांतिपूर्वक तरीके से अपनी बात कहने का अधिकार है। पुलिस इस अधिकार का हनन कर रही है। दलितों पर जुल्म ढाया जा रहा है। जुल्म के खिलाफ आवाज उठाने वालों का जबरन मुंह बंद किया जा रहा है।
DlightNews
Comments
Post a Comment