*मदन मोहन मालवीय प्रौद्यौगिकी विश्वविद्यालय ने छात्रहित में महत्वपूर्ण पहल करते हुए छात्र-छात्राओं की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए ‘समाधान’ पोर्टल आज लांच कर दिया|*
*रिपोर्टर-(बी.पी.मिश्र)*
गोरखपुर 01 फरवरी 2022माननीय कुलपति प्रो जे पी पाण्डेय ने अपने कार्यालय से कंप्यूटर पर बटन दबाकर ‘समाधान’ पोर्टल का शुभारम्भ किया| इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो बृजेश कुमार, छात्र सेल के समन्वयक डॉ अभिजित मिश्र, सह समन्वयक डॉ प्रतीक खरे, सहायक समन्वयक इं. बिजेंद्र पुष्कर एवं डॉ भारती शुक्ल, सहायक कुलसचिव श्री प्रदीप कान्त सिंह आदि उपस्थित रहे| पोर्टल के शुभारम्भ के अवसर पर माननीय कुलपति प्रो पाण्डेय ने कहा कि छात्र- छात्राओं की समस्याओं का यथाशीघ्र समाधान विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है| हमारा सदैव प्रयास रहता है कि हम एमएमएमयूटी को ‘स्टूडेंट फ्रेंडली यूनिवर्सिटी’ बनायें| समाधान पोर्टल इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है| इससे छात्रों को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, और कार्यालयों में भी अनावश्यक भीड़ से बचाव होगा| समाधान पोर्टल के उपयोग से छात्रों को सुविधा होगी|ज्ञात हो कि विश्वविद्यालय नेछात्र-छात्राओं की समस्याओं के निराकरण के लिए छात्र प्रकोष्ठ का गठन किया है| छात्र प्रकोष्ठ एक प्रकार का ‘सिंगल विंडो सिस्टम’ होगा जिससे कि छात्र अकादमिक, परीक्षा, शुल्क, छात्रवृत्ति, विभिन्न प्रमाण पत्र, लाइब्रेरी सहित अन्य समस्त केन्द्रीयकृत सुविधाओं के सम्बन्ध में अपनी समस्याएँ भेज सकते हैं| छात्र प्रकोष्ठ उन समस्याओं को निस्तारण हेतु उचित प्राधिकारी को भेजेगा और यह ध्यान रखेगा कि समस्याओं का शीघ्र निराकरण हो| छात्र प्रकोष्ठ के इस पूरे काम को पारदर्शी ढंग और त्वरित गति से करने के लिए विश्वविद्यालय ने समाधान पोर्टल विकसित किया है| उल्लेखनीय है कि सभी छात्रों को विश्वविद्यालय पोर्टल के लिए पहले से लॉग इन आई डी और पासवर्ड मिला हुआ है| समस्त छात्रों को अपने विश्वविद्यालय पोर्टल अकाउंट में ही समाधान पोर्टल का लिंक उपलब्ध करा दिया गया है| इस पोर्टल से सभी विभागाध्यक्ष, सहित अन्य प्राधिकारी जैसे कि परीक्षा नियंत्रक, अधिष्ठाता छात्र मामले, अधिष्ठाता स्नातक, अधिष्ठाता परास्नातक आदि जुड़े रहेंगे| छात्र प्रकोष्ठ के सदस्य इस पोर्टल पर छात्रों से प्राप्त समस्याओं को उचित प्राधिकारी के पास फॉरवर्ड करेंगे और इसकी नियमित मोनिटरिंग करेंगे| इस पोर्टल पर छात्र डुप्लीकेट मार्कशीट, टी सी, चरित्र प्रमाण पत्र, अपूर्ण/ त्रुटिपूर्ण परीक्षा परिणाम, शुल्क वापसी, अदेयता, हॉस्टल आवंटन, परिवहन, इन्टरनेट, लाइब्रेरी, छात्रवृत्ति, सह शैक्षणिक गतिविधियों आदि से सम्बंधित समस्याएँ दर्ज करा सकेंगे| पोर्टल पर यह व्यवस्था है कि छात्र द्वारा समस्या दर्ज करते ही समय एवं दिनांक अंकित हो जाएगा और कब कब किस अधिकारी द्वारा उस समस्या पर क्या कार्यवाही की गयी है उसका विवरण लगातार अपडेट होता रहेगा| इससे छात्र को पता चल सकेगा उसकी शिकायत पर क्या कार्यवाही हुई है| कतिपय समस्याओं जैसे रैगिंग, महिला उत्पीड़न जैसी शिकायतों को इस पोर्टल से अलग रखा गया है क्योंकि इनके सम्बन्ध में विश्वविद्यालय स्तर पर पहले से ही सरकार/ नियामक संस्थाओं से प्राप्त निर्देशों के अनुसार व्यवस्था मौजूद है| साथ ही विश्वविद्यालय के विभिन्न सांविधिक निकायों द्वारा लिए गए निर्णय, परीक्षा के सम्बन्ध में लिए गए निर्णय, प्रवेश आदि के मामले भी इस पोर्टल/ प्रकोष्ठ के कार्यक्षेत्र से बाहर रखे गए हैं| यदि कोई छात्र किसी कारण ऑनलाइन शिकायत करने में असमर्थ है, तो यह भी व्यवस्था है कि वह अपनी शिकायत लिखित रूप में या ई-मेल पर छात्र प्रकोष्ठ को भेज सकता है और प्रकोष्ठ द्वारा उस समस्या को ऑनलाइन दर्ज करते हुए कार्यवाही की जाएगी| छात्र प्रकोष्ठ के गठन सम्बन्धी दिशानिर्देशों में यह भी प्रावधान है कि नियमित अंतराल पर विश्वविद्यालय द्वारा समस्याओं के निराकरण की स्थिति की समीक्षा की जाएगी| विद्यार्थियों की समस्याओं को जानने/ सुनने के लिए छात्र प्रकोष्ठ के सदस्य प्रतिदिन दो घंटे प्रकोष्ठ के कार्यालय में बैठेंगे और समस्याएँ सुनेंगे| विश्वविद्यालय का यह प्रयास है कि छात्रों की समस्याओं को जानने और उनके त्वरित निस्तारण के लिए समाधान पोर्टल के रूप में एक मंच प्रदान किया जाए| इससे छात्रों और विश्वविद्यालय दोनों को सुविधा होगी|
Comments
Post a Comment